थाना प्रभारी की मुख्यालय पर मौजूदगी को लेकर उठे सवाल, क्वार्टर खाली छोड़ कटनी से कर रहे आवागमन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल की मुख्यालय पर मौजूदगी और क्षेत्रीय भ्रमण को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं । स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि थाना परिसर में थाना प्रभारी के निवास के लिए शासकीय क्वार्टर उपलब्ध होने के बावजूद वे उसमें निवास नहीं कर रहे हैं और कटनी से आवागमन कर रहे हैं । इसके चलते उनकी क्षेत्र में नियमित उपलब्धता को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा हो रही है ।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उमरियापान थाना स्थापित होने के बाद यह पहली बार देखने में आ रहा है कि थाना प्रभारी थाना परिसर में बने आवास में नहीं रह रहे हैं । उनका मानना है कि थाना प्रभारी का मुख्यालय पर रहना प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है । इससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के साथ ही आम नागरिकों को अपनी समस्याएं और शिकायतें रखने में सहूलियत मिलती है ।
*क्षेत्रीय भ्रमण और जनसंपर्क पर भी सवाल*
स्थानीय लोगों के अनुसार थाना प्रभारी का क्षेत्र में नियमित भ्रमण कम होने के कारण थाना क्षेत्र के कई नागरिक उन्हें व्यक्तिगत रूप से पहचानते तक नहीं हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस अधिकारी की पहचान केवल थाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि गांवों और कस्बों में भी उनकी सक्रिय मौजूदगी दिखाई देनी चाहिए।
थाना प्रभारी की जिम्मेदारी केवल थाने में बैठकर प्रशासनिक कार्यों का संचालन करना नहीं है, बल्कि क्षेत्र में आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करना तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखना भी है । स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय का इस ओर ध्यान आकर्षित कराया ।



