मध्य प्रदेश

पोंडीखुर्द में विकास कार्यों का सीईओ ने किया निरीक्षण, निर्माण की गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश

ग्रामीणों ने पंचायत सचिव मनीष रंजन मिश्रा के कार्यों की सराहना की
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्णकांत पांडेय ने ग्राम पंचायत पोंडीखुर्द का दौरा किया । इस दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और निर्माणाधीन नवीन ग्राम पंचायत भवन ‘अटल सेवा सदन’ का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता परखी ।
मई 2025 में लगभग 37.50 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत अटल सेवा सदन भवन के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया ।  सीईओ ने स्पष्ट कहा कि शासकीय राशि से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।  निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द ही पंचायत भवन की सुविधा मिल सके ।
*प्रधानमंत्री आवास योजना की भी जांची प्रगति*
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों की स्थिति की जानकारी ली । उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति जानी तथा अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया ।  उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए ।
*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर जोर*
ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की गई ।  सीईओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर औपचारिकता निभाकर न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का संतुष्टिपूर्ण एवं नियमानुसार समाधान किया जाए ।  उन्होंने निराकरण के बाद शिकायतों को पोर्टल पर बंद कराने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए ।
*सचिव मनीष रंजन मिश्रा के कार्यों की ग्रामीणों ने की सराहना*
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत पोंडीखुर्द में पदस्थ पंचायत सचिव मनीष रंजन मिश्रा के कार्यों की ग्रामीणों ने जनपद सीईओ कृष्णकांत पांडेय के समक्ष खुलकर सराहना की ।  ग्रामीणों ने बताया कि सचिव मनीष रंजन मिश्रा के पदस्थ होने के बाद से पंचायत स्तर के कार्यों में तेजी आई है ।  पंचायत से जुड़ी समस्याओं को सचिव द्वारा गंभीरता से सुना जाता है और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते हैं । ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उन्हें कार्यरूप में परिणित करने का प्रयास भी किया जाता है ।  ग्रामीणों ने सचिव की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि जताते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की ।
सीईओ कृष्णकांत पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी मिल सकता है, जब निर्माण की गुणवत्ता बेहतर हो और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे ।  उन्होंने पंचायत स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित निगरानी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ।

Related Articles

Back to top button