धान की थ्रेसिंग के दौरान दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक की मौत
लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुआ हमला एक गंभीर घायल एसडीओपी आशुतोष त्यागी मौके पर पहुंचे
सिलवानी। गुरुवार को सिलवानी तहसील के ग्रामीण अंचल ग्राम बीकलपुर में धान की थ्रेसिंग के दौरान भूसे की दिशा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की गई।
घटना में गणेश रघुवंशी की गंभीर चोटें आने के बाद अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एसडीओपी आशुतोष त्यागी ने गणेश रघुवंशी की मौत की पुष्टि की है। वहीं, इस घटना में सुरेंद्र रघुवंशी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायल सुरेंद्र रघुवंशी को सिलवानी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी आशुतोष त्यागी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। विवाद के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।



