क्राइम

भूसा थ्रेसर लगाने के विवाद में खूनी संघर्ष मामले के आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

मारपीट में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला
सिलवानी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश

सिलवानी। भूसा निकालने के लिए थ्रेसर लगाने की बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। ग्राम बीकलपुर में हुए विवाद के दौरान एक परिवार के तीन लोगों ने पिता-पुत्र के साथ सब्बल और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद सिलवानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 नवंबर 2026 को ग्राम बीकलपुर निवासी हाकम सिंह रघुवंशी उम्र 25 वर्ष ने थाना सिलवानी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि भूसा निकालने के लिए थ्रेसर लगाने की बात को लेकर भूपेन्द्र रघुवंशी, प्रहलाद रघुवंशी एवं सुरेन्द्र रघुवंशी ने उसके और उसके पिता गनेशराम रघुवंशी के साथ गाली-गलौज करते हुए सब्बल एवं लाठी-डंडों से मारपीट की। इस घटना में पिता-पुत्र दोनों को चोटें आईं। घायल गनेशराम रघुवंशी उम्र 55 वर्ष की उपचार के दौरान मौत हो गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 103(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक एवं एसडीओपी सिलवानी आशुतोष त्यागी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी भूपेन्द्र रघुवंशी पिता प्रहलाद रघुवंशी उम्र 34 वर्ष एवं प्रहलाद रघुवंशी पिता हल्केवीर उम्र 65 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बीकलपुर, थाना सिलवानी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को 13 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक खरे, उपनिरीक्षक सुनील भदौरिया, उपनिरीक्षक कविता यादव, सहायक उपनिरीक्षक भोजपाल शर्मा, प्रधान आरक्षक अजीत राय, प्रधान आरक्षक राजेश गौतम, आरक्षक अरविन्द कुमार, रंजनीकांत, विक्रम सिंह, आकाश दुबे, अनिल लोधी, रंजीत धाकड़, अंकित खटीक, सोहरत उइके, सैनिक सियाराम रघुवंशी एवं अजय राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button