एसडीएम ने वीरपुर में निःशुल्क रजिस्ट्री कैंप का किया निरीक्षण

–स्वामित्व योजना के तहत ग्राम वीरपुर में 240 हितग्राहियों की हुई रजिस्ट्री,
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । ग्राम वीरपुर में शुक्रवार को स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टाधारी हितग्राहियों का निःशुल्क रजिस्ट्री निष्पादन कार्य करने के निर्देश एसडीएम रोहित लोधी ने दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम रोहित लोधी ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली लाना है।
उन्होंने कहा कि अब तक जिन परिवारों के पास मकान तो था, लेकिन उसका कानूनी मालिकाना हक नहीं था, उन्हें स्वामित्व योजना के माध्यम से निःशुल्क रजिस्ट्री देकर मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। इससे हितग्राही अपनी संपत्ति का उपयोग कर सकेंगे और बैंक से ऋण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ भी ले सकेंगे। पात्र परिवारों को उनके मकानों की निःशुल्क रजिस्ट्री कराकर अधिकार प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम लोधी ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बेगमगंज तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में 5750 रजिस्ट्रियां होना प्रस्तावित हैं, जिनमें से लगभग 3500 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। वहीं सुल्तानगंज क्षेत्र में 4542 हितग्राही हैं, जिनमें लगभग 2000 रजिस्ट्रियां पूर्ण हो चुकी हैं। आगे और भी रजिस्ट्रियां होना हैं, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष रजिस्ट्रियां भी जल्द पूरी कराई जाएंगी।
आज दिनांक तक वीरपुर गांव के 240 लोगों की निशुल्क रजिस्ट्रियां हो चुकी है।
इस अवसर पटवारी मनमोहन सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।



