मध्य प्रदेश

वन्यप्राणी के अवशेषों की जांच के दौरान वन विभाग की टीम से अभद्रता शासकीय कार्य में बाधा की शिकायत

रेंजर सहित वनकर्मियों पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को एसडीओ रजनीश शुक्ला ने बताया निराधार,
वन विभाग ने भी थाने में दिया आवेदन,
पुलिस कर रही दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच

सिलवानी। पश्चिम सिलवानी वन परिक्षेत्र के बीट कॉलोनी के समीप वन्यप्राणी के अवशेष मिलने के मामले में वन विभाग की जांच के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। वन्यप्राणी के शिकार की आशंका में संदिग्धों की तलाश कर रही वन विभाग की टीम जब डॉग स्क्वॉड के साथ एक संदिग्ध के घर पूछताछ और जांच के लिए पहुंची तो वहां परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। वन विभाग के अनुसार इस दौरान टीम के साथ अभद्रता करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई। वहीं परिवार ने रेंजर सहित वनकर्मियों पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाते हुए सिलवानी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वन विभाग ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए अपनी ओर से भी शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आवेदन दिया है।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब सहूद पिता नूर मियां के समर्थन में महिला पुरुष सिलवानी थाने पहुंच गए। परिजनों ने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। परिवार की ओर से पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक रामपाल सिंह राजपूत को भी शिकायत की गई है। दूसरी और वन विभाग का कहना है कि वन्यप्राणी के अवशेष मिलने के मामले में नियमानुसार जांच की जा रही थी और इसी प्रक्रिया के तहत संदिग्ध के घर टीम पहुंची थी।
अवशेष मिलने के बाद वन विभाग ने दर्ज किया वन अपराध
जानकारी के अनुसार वनमंडल रायसेन के पश्चिम सिलवानी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीट कॉलोनी के समीप राजस्व भूमि पर 21 नवंबर को वन्यप्राणी का सिर और कुछ अन्य अवशेष मिले थे। प्रारंभिक तौर पर अवशेष सांभर अथवा नीलगाय के होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्चिंग कराई गई। पशु चिकित्सक द्वारा अवशेषों का नियमानुसार पोस्टमार्टम भी कराया गया। मामले में वन अपराध क्रमांक POR 46339/13 दिनांक 21 नवंबर 2026 को पंजीबद्ध कर वन्यप्राणी के शिकार की आशंका के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
*जांच के दौरान टीम के साथ अभद्रता, एसडीओ ने आरोपों को नकारा*
वन्यप्राणी के अवशेष मिलने के मामले की जांच के सिलसिले में वन विभाग की टीम डॉग स्क्वॉड के साथ सिलवानी के वार्ड क्रमांक 7 स्थित बाबड़ी मोहल्ला क्षेत्र में सहूद पिता नूर मियां के घर पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि पहली बार तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने वन विभाग की टीम पर मारपीट और अभद्रता करने के आरोप लगाए।
वहीं उप वन मंडलाधिकारी सिलवानी रजनीश शुक्ला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि वन्यप्राणी के अवशेष मिलने के मामले में संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी क्रम में 21 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे डॉग स्क्वॉड के साथ वन विभाग की टीम सहूद के घर पूछताछ के लिए पहुंची थी। उनके अनुसार मौके पर परिजनों और महिलाओं की भीड़ एकत्रित हो गई तथा टीम के साथ अभद्रता कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। इसके बाद टीम जांच पूरी कर वहां से लौट आई।
एसडीओ रजनीश शुक्ला ने स्पष्ट किया कि वन विभाग की टीम द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। मौके पर कई लोग मौजूद थे और कुछ लोग मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से भी इस संबंध में सिलवानी थाने में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत दी गई है।
*दोनों पक्षों के आवेदन पर पुलिस की जांच शुरू*
एसडीओपी आशुतोष त्यागी ने बताया कि 21 नवंबर की शाम सिलवानी थाने में कुछ नागरिकों द्वारा वन विभाग की कार्रवाई को लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए आवेदन दिया गया था। वन्यप्राणी के शिकार की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था और उसी की जांच के लिए संदिग्ध के घर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से भी शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के संबंध में आवेदन दिया गया है। पुलिस द्वारा वन विभाग से जानकारी ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वन विभाग वन्यप्राणी के अवशेष मिलने के मामले में शिकार की आशंका और संदिग्धों की भूमिका की जांच में जुटा है। वहीं जांच के दौरान टीम के साथ कथित अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। अब पुलिस जांच में ही स्पष्ट होगा कि दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Related Articles

Back to top button