पीएम श्री कन्या विद्यालय का डायट प्राचार्य ने किया निरीक्षण

विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षताओं को परखा
कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों का लिया जायजा, टीएलएम सामग्री का भी किया अवलोकन
सिलवानी। नगर की शिक्षण संस्था पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी का बुधवार को डायट प्राचार्य अजय रोहित एवं वरिष्ठ व्याख्याता जगत नारायण शर्मा द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने कक्षा 1 से 8 तक पहुंचकर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के स्तर की जानकारी ली तथा बच्चों द्वारा तैयार किए गए टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) का अवलोकन किया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप शासकीय विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) को प्रभावी बनाना रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों की पठन, लेखन एवं गणितीय दक्षताओं का आकलन किया। विद्यार्थियों से पाठ्य पुस्तकों का पठन करवाकर उनकी पढ़ने की क्षमता, शब्द पहचान, वाक्य निर्माण एवं विषयवस्तु को समझने के स्तर की जानकारी ली गई। इसके साथ ही बच्चों की लेखन क्षमता, श्रुतलेख, अक्षर ज्ञान एवं शब्द ज्ञान का भी परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने कक्षाओं में संचालित शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। इसमें शिक्षकों की पाठ योजना, शिक्षण सामग्री का उपयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा कक्षा के शैक्षणिक वातावरण को देखा गया। बच्चों द्वारा स्वयं तैयार की गई शिक्षण सामग्री की सराहना करते हुए उसके प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप शिक्षण कार्य करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणितीय समझ विकसित करना प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।



