जनजातीय क्षेत्र में पहुंचे विद्या भारती के संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी

शिक्षा-संस्कार और ग्राम विकास पर किया संवाद
सिलवानी। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार एवं ग्राम विकास की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्या भारती के संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी ने सरस्वती शिक्षा केंद्र सोनपुरा, संकुल प्रतापगढ़, जिला रायसेन का प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा केंद्र के विद्यार्थियों, आचार्य एवं ग्राम संयोजक मंडल के सदस्यों से संवाद कर शिक्षा, संस्कार और ग्राम के समग्र विकास पर चर्चा की।
प्रवास के दौरान संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी ने देव दर्शन किए तथा सरस्वती शिक्षा केंद्र में आयोजित वंदना एवं प्रार्थना कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने बच्चों से शिक्षा और संस्कारों को लेकर चर्चा करते हुए उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन एवं अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के बीच कहानी सुनाई तथा विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके पश्चात ग्राम के संयोजक मंडल के साथ ग्राम विकास को लेकर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की गई। उन्होंने ग्राम को स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा बनाए रखने, जनजातीय समाज को व्यसन मुक्त करने, गांव में धार्मिक एवं संस्कारमय वातावरण निर्मित करने तथा आपसी विवादों से दूर रहकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांव में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होने पर आपसी संवाद और सामंजस्य के माध्यम से गांव में ही उसका समाधान निकालने की पहल होनी चाहिए।
विद्या भारती का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि ग्रामों का समग्र विकास, समाज में संस्कारों का प्रसार, स्वावलंबन और सकारात्मक सामाजिक वातावरण का निर्माण करना भी है। इसी दृष्टिकोण से ग्रामवासियों के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जनजातीय क्षेत्र शिक्षा के प्रांत प्रमुख आदरणीय रूप सिंह लोहाने, जनजातीय शिक्षा के जिला प्रमुख लखन विश्वकर्मा, उपसंकुल प्रमुख यश कुमार धुर्वे, जीवन लाल उइके एवं सरस्वती शिक्षा केंद्र के आचार्य बृजेश कुमार धुर्वे सहित ग्राम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



