खितौला बाजार में नौ दिवसीय नंदीश्वर दीप महामंडल विधान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न

पिच्छिका परिवर्तन समारोह में उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । अष्टान्हिका महापर्व के पावन अवसर पर सकल जैन समाज खितौला बाजार के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय नंदीश्वर दीप महामंडल विधान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ । इस दौरान बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। धार्मिक आयोजन के अंतर्गत आर्यिका संघ का भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह भी हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया ।
आयोजन का शुभारंभ 17 नवंबर को दिव्य घोष के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ । नगर में विराजमान आर्यिका श्री सूत्रमति माताजी, आर्यिका श्री शीतलमति माताजी एवं आर्यिका श्री कर्तव्यमति माताजी के मंगल सानिध्य तथा ब्रह्मचारी अन्नू भैया के कुशल निर्देशन में विधान की धार्मिक क्रियाएं प्रारंभ हुईं ।
विधान में सौधर्म इंद्र, कुबेर, श्रीपाल, मैना सुंदरी, भरत, बाहुबली सहित महायज्ञनायक एवं यज्ञनायक के प्रमुख पात्रों का चयन किया गया । 48 इंद्र-इंद्राणियों एवं अन्य प्रमुख पात्रों ने प्रतिदिन सुबह 7 से 11 बजे तक अभिषेक, पूजन एवं विधान की धार्मिक क्रियाएं पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न कीं । धर्म प्रभावना के उद्देश्य से प्रतिष्ठा, प्रवचन एवं प्रश्न मंच के माध्यम से जैन दर्शन, धार्मिक सिद्धांतों और धर्म के मर्म पर विस्तार से प्रकाश डाला गया । विधान में कुल 5616 अर्घ्य समर्पित किए गए ।
*पिच्छिका परिवर्तन समारोह में उमड़ा जनसैलाब*
धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 22 नवंबर को आर्यिका संघ का भावपूर्ण पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित हुआ । नई पिच्छिका का आगमन मुक-माटी की दृश्यावली के माध्यम से मंच पर कराया गया । इस अवसर पर आर्यिका श्री सूत्रमति माताजी की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य विधान के सौधर्म इंद्र श्री नीरज जैन को मिला । वहीं आर्यिका श्री शीतलमति माताजी की पुरानी पिच्छिका मुकेश सिंघई परिवार तथा आर्यिका कर्तव्यमति माताजी की पुरानी पिच्छिका श्री राकेश सिंघई परिवार को प्राप्त हुई ।
नई पिच्छिका प्रदान करने का सौभाग्य मनोज जैन, रविंद्र जैन, अंकुर, सचिन, श्रेयांश, महेंद्र, रूपेश, सुधीर एवं दीपेश जैन को प्राप्त हुआ । समारोह में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए ।
25 नवंबर को विधान का समापन विधि-विधानपूर्वक हवन एवं पूर्णाहुति के साथ हुआ । इसके पश्चात भगवान की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकाली गई । रात्रि में संगीतमय आरती सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए ।
नौ दिनों तक खितौला बाजार का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा । आयोजन की सफलता पर समाजजनों ने इसे धर्म प्रभावना, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया ।



