आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया खेल आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिले प्रमाण पत्र
सिलवानी। महिला एवं बाल विकास परियोजना सिलवानी के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खेल आधारित गतिविधियों एवं टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) निर्माण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को रोचक, सरल और प्रभावी बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान मिशन नींव (रॉकेट लर्निंग) के जिला समन्वयक प्रशांत चौहान ने खेल आधारित शिक्षण की विभिन्न तकनीकों, टीएलएम के प्रभावी उपयोग तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ईसीसीई) में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन कराते हुए बताया कि खेल-खेल में बच्चों के भाषा, संज्ञानात्मक, सामाजिक एवं शारीरिक विकास को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) की गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को रॉकेट लर्निंग की ओर से प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इससे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर प्रथम एजुकेशन के हर्षित शर्मा तथा सुपरवाइजर सुरक्षा विश्वकर्मा और मालती सेन उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार की गई शिक्षण सामग्री एवं गतिविधियों की सराहना की और इन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यकर्ताओं ने स्वयं टीएलएम तैयार कर उसका प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को खेल आधारित शिक्षण पद्धति से बेहतर शिक्षा देने और उनकी प्रारंभिक सीखने की क्षमता को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।



