मध्य प्रदेश

सिहोरा के विकास से जुड़ी तीन प्रमुख मांगों को लेकर विधायक संतोष बरकड़े को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सिहोरा नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के निराकरण की मांग को लेकर क्षेत्र के नागरिकों एवं गणमान्यजनों ने विधायक संतोष बरकड़े को ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से तीन प्रमुख मांगों की ओर विधायक का ध्यान आकर्षित कराते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की गई ।
ज्ञापन में सिहोरा स्थित सामुदायिक भवन, अरुणामघोष स्टेडियम एवं पंडित विष्णुदत्त विद्यालय से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया । बताया गया कि सामुदायिक भवन पिछले 10 से 15 वर्षों से अधूरा पड़ा है । रक्षा मंत्रालय से संबंधित आपत्तियों का निराकरण कर आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करते हुए भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई ।
इसी तरह अरुणामघोष स्टेडियम का उन्नयन एवं विस्तार अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रहा है । ज्ञापन में अतिक्रमणकारियों को पट्टा वितरण कर स्टेडियम के उन्नयन एवं विस्तार का कार्य जल्द शुरू कराने की मांग रखी गई ।
वहीं पंडित विष्णुदत्त विद्यालय के संबंध में बताया गया कि भविष्य में यहां से सांदीपनि विद्यालय के रूप में स्थानांतरण प्रस्तावित है । ऐसी स्थिति में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिहोरा एवं सूरज प्रसाद कुररिया सीएम श्री विद्यालय के पास पर्याप्त परिसर उपलब्ध नहीं होने से पंडित विष्णुदत्त विद्यालय को माध्यमिक विद्यालय के रूप में संचालित करने में कठिनाई आ सकती है । इस समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई ।
ज्ञापन सौंपने वालों में अरुण जैन एडवोकेट, रमेश पटेल, अनिल जैन, शिशिर पांडे, सुशील पांडे, संतोष वर्मा, जितेंद्र श्रीवास, राकेश जैन, गौरीराज एवं प्रदीप दुबे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button