मध्य प्रदेश

खड़ी एलपीजी वैन में अचानक विस्फोट, पूरी तरह जलकर खाक

फायर ब्रिगेड व पुलिस ने मौके पर संभाली स्थिति
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 2 में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे खड़ी एलपीजी से चलने वाली मारुति वैन में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद वैन में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की लपटें और तेज धमाके से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में एलपीजी किट लगे वाहन बेधड़क सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। इस घटना ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वार्ड में घटना के बाद से भय का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध व असुरक्षित एलपीजी वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button