अभाविप ने मनाई डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की जयंती
सिलवानी । गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई सिलवानी के द्वारा संविधान निर्माता, भारत रत्न प्राप्त बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की जयंती मनाई गई। कार्यकर्ताओं द्वारा इस दौरान उनके चित्र के समक्ष तिलक लगाकर माला पहनाई व दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर अनिल साहू ने कहा कि संविधान निर्माता के तौर पर प्रसिद्ध बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती हर साल 14 अप्रैल के दिन मनाई जाती है। बाबा साहेब की जयंती को पूरे देश में लोग मनाते हैं। डाॅ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया जा चुका है। उनका पूरा जीवन संघर्षरत रहा है। उन्होंने भारत की आजादी के बाद देश के संविधान के निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया। बाबा साहेब ने कमजोर और पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए पूरा जीवन संघर्ष किया। डॉ. अंबेडकर सामाजिक नवजागरण के अग्रदूत और समतामूलक समाज के निर्माणकर्ता थे। अंबेडकर समाज के कमजोर, मजदूर, महिलाओं आदि को शिक्षा के जरिए सशक्त बनाना चाहते थे। इसी कारण डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को भारत में समानता दिवस और ज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान संयम सराठे, अनिल साहू, अंत्योदय पांडे, आदित्य वाजपेई, पुष्पेंद्र पाराशर, आदित्य दुबे, उदय मिश्रा, देवू शर्मा, ऋषि श्रीवास्तव, जितेंद्र पाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



