वनभूमि पर काबिज आरोपित ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में वनकर्मियों पर किया हमला, डिप्टी रेंजर घायल
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पिछले 4 वर्षों से वनभूमि पर काबिज एक व्यक्ति का अतिक्रमण हटाने गए वन अमले में शामिल सुनेहरा बीट के डिप्टी रेंजर प्रदीप लोधी एवं वनकर्मियों पर अतिक्रमणकर्ता व्यक्ति के भाई ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में किया हमला डिप्टी रेंजर हुए घायल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्जकर आरोपी राघवेंद्र सिंह आदिवासी को हिरासत में लिया।
रेंजर अरविंद अहिरवार ने बताया कि ग्राम बांसादेही में पिछले कई दिनों से ग्रामवासियों द्वारा शिकायत की जा रही थी कि गांव के पास की वनभूमि पीएफ 209 में 1.94 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही देवेंद्र सिंह ठाकुर आदिवासी द्वारा 4 वर्ष पूर्व चुपके से अवैध रूप से कब्जा करके उनके एवं पशुओं के आने- जाने का रास्ता बंद कर दिया है और वनभूमि से पेड काटकर उसे कृषि योग्य बनाकर मजे से खेती कर रहा है। शिकायत के आधार पर डीएफओ विजय कुमार के द्वारा अतिक्रमणकर्ता देवेंद्र सिंह ठाकुर पिता दशरथ सिंह आदिवासी निवासी बांसादेही के विरुद्ध वन अपराध पंजीबद्ध करके वन अधिनियम की धारा 80 के तहत नोटिस देकर उससे काबिज भूमि के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा लेकिन वह कोई भी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। तब डीएफओ द्वारा उसके कब्जे को अवैध पाते हुए बेदखली का आदेश जारी किया गया। इस पर डीएफओ विजय कुमार के निर्देशानुसार आज रविवार को वन विभाग का अमला रेंजर अरविंद अहिरवार के मार्गदर्शन एवं सुनेहरा बीट प्रभारी डिप्टी रेंजर प्रदीप लोधी के नेतृत्व में विजय ठाकुर वनपाल, सद्दाम खान, प्रताप सिंह ग्रेवाल, निर्मला इम्ने, विकास साहू, एवं वाहन चालक प्रदीप, सचिन ठाकुर इत्यादि समेत पुलिसकर्मियों को साथ लेकर उसका अवैध कब्जा हटाने एवं वनभूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए मौके पर पहुंचे तो कब्जाधारी देवेंद्र सिंह ठाकुर के भाई राघवेंद्र सिंह ठाकुर ने मौके पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए वनकर्मियों सहित डिप्टी रेंजर प्रदीप लोधी पर जानलेवा हमला कर दिया और उनके साथ झूमाझटकी करते हुए मारने पर उतारू हो गया। साथ ही कार्रवाई किए जाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए खूब उत्पात मचाया। बामुश्किल वनकर्मियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपित से डिप्टी रेंजर लोधी को बचाया गया। आरोपितों द्वारा कब्जा नही छोडे जाने को लेकर बहुत देर तक वनकर्मियों से हुज्जत की गई। मौके पर आरोपित के परिजनों एवं रिश्तेदारों द्वारा भी मौके पर आकर हंगामा किया गया ।
थानाप्रभारी राजीव उड़के ने बताया कि डिप्टी रेंजर प्रदीप लोधी की रिपोर्ट पर आरोपित राघवेंद्र सिंह आदिवासी पिता दशरथ सिंह आदिवासी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने एवं डिप्टी रेंजर के साथ मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर आरोपित को हिरासत में लिया गया है।



