यातायात सुधार को लेकर पुलिस का एक्शन मोड: एसडीओपी अनिल सिंह मौर्य के विशेष प्रयास

सिलवानी। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने ठोस एवं योजनाबद्ध पहल शुरू कर दी है। सिलवानी के एसडीओपी अनिल सिंह मौर्य द्वारा ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर का सबसे व्यस्त बजरंग चौराहा उदयपुरा, बम्होरी, सुल्तानगंज और गैरतगंज मार्गों से जुड़ा हुआ है, जहां 24 घंटे भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। एसडीओपी ने स्वयं मौके पर निरीक्षण एवं पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चौराहे के आसपास दुकानदारों द्वारा 5 से 10 फीट तक अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसके अलावा दुकानों के सामने खड़े वाहन यातायात को और अधिक बाधित कर रहे हैं।
एसडीओपी ने बताया कि लगभग 40 फीट चौड़ी सड़क अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सिमटकर करीब 20 फीट रह गई है, जिसके चलते बजरंग चौराहे पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अनिल सिंह मौर्य ने नगर परिषद को पत्र लिखकर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि कार्रवाई से पूर्व दुकानदारों एवं पुलिस को सूचित किया जाए, ताकि पर्याप्त बल के साथ प्रभावी रूप से अतिक्रमण हटाया जा सके।
इसके अतिरिक्त पुलिस थाना सिलवानी को भी निर्देशित किया गया है कि व्यस्त समय—सुबह 9 बजे से 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक—बजरंग चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए।
उल्लेखनीय है कि इस समस्या को स्थानीय मीडिया द्वारा लगातार उठाया जा रहा था। इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीओपी ने सक्रियता दिखाई है। उनके इन प्रयासों से स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन यातायात सुधार को लेकर पूरी तरह गंभीर है और आने वाले समय में नगरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलने की संभावना है।



