प्रगति गर्ग ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव, बी.फार्मेसी फाइनल में हासिल किया गोल्ड मेडल

डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर हुईं सम्मानित, परिवार एवं विद्यालय में खुशी की लहर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान*। सिहोरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 02 ज्वालामुखी निवासी प्रगति गर्ग ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर शानदार सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है । डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में नियमित बी.फार्मेसी फाइनल ईयर में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया ।
विश्वविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कुलपति नागेश दुबे, कार्यक्रम अध्यक्ष मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री डॉ. गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े, राज्यसभा सदस्य रजनीश अग्रवाल, सागर महापौर श्रीमती संध्या तिवारी एवं विधायक शैलेंद्र सिंह की गरिमामय उपस्थिति में प्रगति गर्ग को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
प्रगति गर्ग, सविता गर्ग एवं सतीश गर्ग की पुत्री हैं । उनके पिता सतीश गर्ग शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलरी में उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं । प्रगति की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है ।
प्रगति की सफलता पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलरी के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।



