समन्वित कृषि प्रणाली अपनाकर किसान जानकी बाई कुशवाहा बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

रिपोर्टर: शिवकुमार साहू
सिलवानी। किसान यदि परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और कृषि की विभिन्न गतिविधियों को अपनाएं तो कम लागत में अधिक उत्पादन के साथ अपनी आमदनी भी बढ़ा सकते हैं। समन्वित कृषि प्रणाली इसका बेहतर उदाहरण है। इसी उद्देश्य से किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संचालक उमाशंकर भार्गव ने रायसेन जिले के विकासखंड सिलवानी अंतर्गत ग्राम बेगवाकला पहुंचकर प्रगतिशील कृषक जानकी बाई एवं नर्मदा प्रसाद कुशवाहा के कृषि फार्म का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संचालक ने कृषक द्वारा अपनाई जा रही समन्वित कृषि प्रणाली, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, पशुपालन, मछली पालन एवं आधुनिक सिंचाई तकनीकों का अवलोकन किया। उन्होंने खेत में लगाए गए अरहर फसल प्रदर्शन को देखा। फसल में फलियां बनने की स्थिति देखकर उन्होंने कृषक के प्रयासों की सराहना की। साथ ही सुझाव दिया कि अरहर का बीज बाजार में बेचने के बजाय आसपास के किसानों को छोटे-छोटे पैकेट तैयार कर बाजार भाव से कुछ अधिक कीमत पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान अगले फसल चक्र में इस उन्नत बीज का उपयोग कर सकें।
कृषक द्वारा मल्चिंग एवं ड्रिप सिंचाई पद्धति से सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि कृषक रासायनिक उर्वरकों की आवश्यकता में लगभग 70 से 80 प्रतिशत तक कमी करते हुए इसकी पूर्ति जीवामृत के माध्यम से कर रहे हैं। कृषि विभाग से प्राप्त अनुदान से निर्मित बलराम तालाब में पंगेशियस मछली पालन किया जा रहा है। साथ ही तालाब के पानी का उपयोग सब्जियों की सिंचाई में भी किया जा रहा है।
कृषक के फार्म पर उन्नत नस्ल की तीन भैंस एवं दो गाय भी पाली जा रही हैं। पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था तथा चारा काटने के लिए मशीन का उपयोग किया जा रहा है। आत्मा योजना के अंतर्गत प्राकृतिक खेती में खाद के रूप में जीवामृत एवं कीट नियंत्रण के लिए दशपर्णी अर्क का उपयोग किया जा रहा है।
कृषक अपने पांच एकड़ के फार्म में खरीफ मौसम में धान तथा रबी मौसम में गेहूं की खेती करते हैं। इसके अलावा सब्जी उत्पादन, खेत की मेड़ों पर फलदार पौधों का रोपण, बलराम तालाब में मछली पालन एवं पशुपालन जैसी गतिविधियां भी संचालित कर रहे हैं। इस प्रकार एक ही कृषि फार्म से फसल उत्पादन, सब्जी उत्पादन, मछली पालन एवं दुग्ध उत्पादन के माध्यम से आय के अनेक स्रोत विकसित किए गए हैं।
कृषक परिवार ने समन्वित कृषि प्रणाली को अपनाकर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है, बल्कि संयुक्त परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण करते हुए अपने तीनों बेटों की शिक्षा पूरी कर उन्हें शासकीय सेवा में भी स्थापित किया है। कृषक के इन प्रयासों को देखते हुए वर्ष 2023-24 में एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के अंतर्गत 10 हजार रुपये की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है।
शासकीय कृषि प्रक्षेत्र सिलवानी का भी किया निरीक्षण
ग्राम बेगवाकला के भ्रमण के पश्चात संचालक उमाशंकर भार्गव ने शासकीय कृषि प्रक्षेत्र सिलवानी का निरीक्षण किया। यहां आत्मा योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए बायोडाइजेस्टर का अवलोकन करते हुए उन्होंने इसकी सराहना की। प्रक्षेत्र पर बायोडाइजेस्टर के माध्यम से जीवामृत तैयार कर फसलों में उपयोग किया जा रहा है।
संचालक ने प्रक्षेत्र अधीक्षक रघुवीर सिंह कुशवाहा से प्रक्षेत्र में होने वाले उत्पादन, उत्पादकता, बीज उठाव एवं बोनी से संबंधित जानकारी प्राप्त की। प्रक्षेत्र पर उपलब्ध सीमित संसाधनों को देखते हुए उन्होंने उपसंचालक कृषि के.पी. भगत को आवश्यक कृषि यंत्रों की उपलब्धता एवं नलकूप खनन के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपसंचालक कृषि ने प्रक्षेत्र की भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं से संचालक को अवगत कराया तथा प्रक्षेत्र की सुरक्षा के लिए फेंसिंग हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी।
प्राकृतिक खेती एवं नरवाई प्रबंधन के प्रयासों की दी जानकारी
परियोजना संचालक आत्मा रवि आम्रवंशी ने जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के साथ धान की नरवाई प्रबंधन के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक संगोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर कृषक संघ के प्रतिनिधि ने जिले के किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के उर्वरक का अन्य जिलों में अनावश्यक परिवहन रोकने के लिए किए गए प्रतिबंधात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जिले के किसानों को समय पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है। इसके लिए उन्होंने संचालक महोदय का आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान एसएडीओ सुनील मालवीय, एईओ ललित किरार, कृषक संघ के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।



