मुंबई में अंतरराष्ट्रीय सम्मान पाने के बाद डॉ. वी.डी. यादव ने किया पत्रकारों व जन प्रतिनिधियों का अभिनंदन

कार्डियो मेटाबोलिक मेडिसिन के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध और सेवा के लिए मिला प्रतिष्ठित फेलोशिप अवार्ड
रिपोर्टर : विनोद कुमार साहू
बरेली। क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.डी. यादव को मुंबई में आयोजित चौथी वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस में प्रतिष्ठित “कार्डियो मेटाबोलिक मेडिसिन फेलोशिप अवार्ड” से सम्मानित किए जाने पर बरेली और बाड़ी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। चिकित्सा जगत में उनके उल्लेखनीय शोध, नई खोजों तथा मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में जर्मनी के प्रसिद्ध विशेषज्ञ पीटर स्चवर्ज एवं बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान ने उन्हें सम्मानित किया।
मुंबई से सम्मान प्राप्त कर लौटे डॉ. यादव ने अपनी खुशी क्षेत्र के पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ मिलकर बरेली व बाड़ी के पत्रकारों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित पत्रकारों ने डॉ. यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इसके प्रत्युत्तर में डॉ. यादव ने सभी पत्रकारों को शाल, श्रीफल, डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष हेमंत राजा भैया ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि “डॉक्टरों को धरती का भगवान यूं ही नहीं कहा जाता। वे अपनी मेहनत, शोध और वर्षों की तपस्या से अर्जित ज्ञान को मरीजों की जिंदगी बचाने में समर्पित कर देते हैं। यदि वे चाहते तो बड़े निजी अस्पताल खोलकर करोड़ों कमा सकते थे, लेकिन डॉ. पी.डी. गोगिया, डॉ. मालानी और डॉ. वी.डी. यादव जैसे चिकित्सक सेवा को ही अपना धर्म मानते हैं। यही कारण है कि वे बेहद कम शुल्क और सामान्य दवाइयों से भी मरीजों को स्वस्थ करने का प्रयास करते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. वी.डी. यादव को अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।



