मध्य प्रदेश

अग्निवीर फैजान का बेगमगंज में भव्य स्वागत, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के तहत चयनित युवा मो. फैजान मंसूरी के बेंगलुरु में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रथम बार अपने गृह नगर बेगमगंज पहुंचने पर नागरिकों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। देशभक्ति के माहौल के बीच नगरवासियों ने पुष्पवर्षा, फूलमालाओं और जयघोष के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष आरिफ राईन एवं पूर्व अध्यक्ष हाजी शफीक अली के नेतृत्व में अर्चना गार्डन के सामने फैजान का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों, डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों और वाहनों के लंबे काफिले के साथ उन्हें नगर में सम्मानपूर्वक प्रवेश कराया गया। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर फूलमालाएं पहनाईं और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र पटेल, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मलखान सिंह जाट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, कांग्रेस एवं भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों आदि ने अग्निवीर फैजान का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नगरवासियों में दूसरे अग्निवीर मो. सऊद के प्रशिक्षण पूर्ण कर बेगमगंज लौटने का भी बेसब्री से इंतजार है। फैजान और सऊद की इस उपलब्धि ने पूरे बेगमगंज क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का नया उत्साह और प्रेरणा देखने को मिल रही है।

Related Articles

Back to top button