हज 2027: बेगमगंज के सभी 39 आवेदकों का चयन, शहर में खुशी की लहर, अदा की गई नमाजे शुक्राना

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए आयोजित कुरआअंदाजी (लॉटरी) के नतीजे सामने आते ही बेगमगंज में खुशी का माहौल बन गया। शहर से हज के लिए आवेदन करने वाले सभी 39 मर्द व ख़्वातीन का चयन हो गया है। सभी आवेदनों के मंजूर होने की खबर मिलते ही चयनित जायरीन और उनके परिजनों ने अल्लाह तआला का शुक्र अदा करते हुए दो रकअत नमाज़-ए-शुक्राना अदा की तथा एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में बेगमगंज से 28 जायरीन ने हज की पवित्र यात्रा का सौभाग्य प्राप्त किया था, जबकि इस वर्ष इंशाअल्लाह 21 पुरुष और 18 महिलाएं, कुल 39 जायरीन, हज के मुकद्दस सफर पर रवाना होंगे।
चयनित खुशनसीब जायरीन में मल़ग का तकिया से तबलीगी जमात के जिम्मेदार डॉ. इकबाल खान, हिदायतपुर से मो. साबिर चूड़ी वाले, रुबीना बी, नाहिद बी और अब्दुल वाहिद, काजी मोहल्ला से सैयद महबूब अली, अनीसा बी, आरिफ खान और शहनाज़ बी, पक्का फाटक से सैयद वासिद अली और साजिदा खातून, ढिमरोली गांव से शोएब खान मंसूरी, परवीन बी, नवाज खान मंसूरी और अब्दुल गफ्फार मंसूरी, बकरी बाजार से असलम खान मंसूरी और रईसा बी मंसूरी, बढ़ापुरा से रईस खान मंसूरी (पहलवान), परवीन मंसूरी और शाहजहां बी, मर्कज के सामने से रिजवान खान, हसीना बी, कहकशां अंजुम, अब्दुल रहीम खान, मो. उवैस खान, अंजुम बी और सहर बानो, टीचर कॉलोनी से मो. आसिफ उर्फ अस्सू मौलाना, जरीना बी, सना बी, मो. हफीज खान और जीनत बानो, गांधी बाजार से मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष मो. आरिफ राईन, शेख बाबू, मो. अकरम राईन और सायना राईन, लखेरा मोहल्ला से मौलाना ज़ुबैर खान तथा किला अंदर से जब्बार खान मंसूरी और समीना मंसूरी शामिल हैं।
चयनित सभी जायरीन को नगरवासियों, रिश्तेदारों और समाज के लोगों ने मुबारकबाद देते हुए उनके हज सफर की कामयाबी, कुबूलियत और सलामती की दुआ की है। पूरे शहर में इस खुशी के मौके पर उत्साह और मुबारकबाद का सिलसिला जारी है।



