साईखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल में अनियमितता का आरोप बिना अनुमति भवन तोड़कर सामग्री उपयोग

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री शिक्षा मंत्री कलेक्टर जिला शिक्षा अधिकारी सहित एसडीएम के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन प्राचार्य पर कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग
सिलवानी । तहसील क्षेत्र के ग्राम साईखेड़ा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्कूल की प्राचार्य श्रीमती प्रेमलता दास द्वारा बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के पुराने शासकीय स्कूल भवन को तुड़वा दिया गया और उसकी ईंटों व अन्य सामग्री का उपयोग नए स्कूल की बाउंड्रीवाल निर्माण में किया जा रहा है।
इस संबंध में बुधवार को ग्रामीणों ने सिलवानी तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार सुधीर कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री शिक्षा मंत्री कलेक्टर रायसेन एसडीएम एवं जिला शिक्षा अधिकारी के नाम संबोधित किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी शासकीय भवन को तोड़ने एवं उसकी सामग्री के उपयोग के लिए सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति आवश्यक होती है। बिना अनुमति इस प्रकार कार्य किया जाना नियमों के विरुद्ध है। साथ ही इससे शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में विक्रम सिंह वीरेन्द्र रघुवंशी मोहित सहित अन्य ग्रामवासी शामिल रहे।
इस संबंध में तहसीलदार सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दिया गया ज्ञापन उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है। वहां से प्राप्त निर्देशों के अनुसार नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी



