मध्य प्रदेश

घटिया निर्माण और फर्जी बिलों से राशि आहरण का आरोप, ग्रामीण ने कलेक्टर से की जांच की मांग

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह। जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा की ग्राम पंचायत करौदी सिंगौरगढ़ के ग्राम गाड़ाघाट में दुनाव नाला पर निर्मित घाट सहित अन्य निर्माण कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीण सत्य सिंह लोधी ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम गाड़ाघाट में दुनाव नाला पर 4 लाख 75 हजार रुपये की लागत से घाट निर्माण स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि पंचायत निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई। निर्माण के दौरान बीच-बीच में पत्थर भरकर दीवार तैयार की गई तथा घटिया रेत और कम गुणवत्ता वाले सीमेंट का उपयोग किया गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य में फर्जी तरीके से बिल लगाकर शासकीय राशि का बंदरबांट किया गया। साथ ही निर्माण कार्य निर्धारित स्थल के बजाय अन्य स्थान पर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम गाड़ाघाट में पंचम राज्य वित्त आयोग से 7 लाख 30 हजार रुपये की स्वीकृत राशि से श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण एवं पेवर ब्लॉक का कार्य कराया जाना था, लेकिन सरपंच-सचिव द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। इसके अलावा पुराने गेट को ही यथावत रखते हुए नए गेट का फर्जी बिल लगाकर राशि आहरित करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से पूरे मामले की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
सत्य सिंह लोधी, शिकायतकर्ता ने कहा, “निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। इसी संबंध में जांच की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा गया है।”
उपयंत्री भरत जैन ने कहा, “शिकायत प्राप्त होने पर निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

Related Articles

Back to top button