नगर परिषद सिलवानी में कर्मचारी संघ की इकाई का गठन, कर्मचारियों के हितों पर हुई विस्तृत चर्चा

सिलवानी । मध्य प्रदेश नगर निगम–नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी के निर्देशानुसार तथा ऋषिकांत यादव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, की गरिमामयी उपस्थिति में नगर परिषद सिलवानी, जिला रायसेन में कर्मचारी संघ की इकाई का विधिवत गठन किया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और एकजुटता पर विशेष बल दिया। उन्होंने इकाई गठन के उद्देश्य और उसके महत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि कर्मचारी संघ कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा जायज मांगों को संगठित एवं प्रभावी ढंग से शासन एवं प्रशासन के समक्ष रखने का सशक्त माध्यम है।
बैठक के दौरान कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से सितंबर 2016 से पूर्व नियुक्त दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के विनियमितकरण (रेगुलराइजेशन) का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं एवं अपेक्षाएं प्रांतीय अध्यक्ष के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने उचित स्तर पर ठोस प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का समापन कर्मचारियों की एकजुटता बनाए रखने, संगठन को और अधिक सशक्त करने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया। साथ ही सिलवानी कर्मचारी संघ इकाई की संगठनात्मक रूपरेखा भी तैयार की गई।
कार्यक्रम में कर्मचारी देवेंद्र रघुवंशी धर्मेंद्र गुप्ता मंगलेश्वर द्विवेदी निखिलेश राय दीपक साहू आरिफ खान शेख नफीस रविकांत , संजीव कालोसिया अमित यादव आदि उपस्थित रहे



