धरने पर बैठे कंप्यूटर बाबा : नेशनल हाइवे पर ट्राले की चपेट में आने से 16 गायों की मौत
सड़क पर ही शिवराज सरकार को दी चेतावनी
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
रायसेन। रायसेन में 16 गायों की मौत का मामला सामने आया है। जबलपुर नेशनल हाइवे पर एक ट्राले की चपेट में आने से करीब 16 गायों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रायसेन जिले के सुल्तानपुर के ग्राम सेमरीखुर्द में हुई। गायों की मौत की खबर सुनकर मौके पर महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा पहुंच गए और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने गायों की सुरक्षा को लेकर प्रदेश की शिवराज सरकार को घेरा। कंप्यूटर बाबा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा कि अगर गौमाताओं के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई तो समस्त सन्त समाज मुख्यमंत्री निवास जाएंगे।
थाना सुल्तानपुर क्षेत्र के तहत सेमरी खुर्द जयपुर जबलपुर नेशनल हाइवे 12 पर बीती रात अज्ञात डंपरों ने सड़क पर बैठे मवेशियों को टक्कर मार दी।जिससे बेकाबू रफ्तार में दौड़ रहे डंपरों से 16 गायों को बुरी तरह से रौंद दिया। जिससे उन 16 गायों ने मौके पर दम तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी रात में ही क्षेत्र में फैल गई थी। गुरुवार को सुबह हिन्दू उत्सव समिति सुल्तानपुर सहित हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं और जबलपुर से भोपाल जाते समय रास्ते से वाहन से गुजर रहे संत कम्प्यूटर बाबा भी सेमरी खुर्द में नेशनल हाइवे 12 किनारे धरने पर बैठकर विरोध जताया। गुरुवार को सुबह श्री हिन्दू उत्सव समिति सुल्तानपुर, विहिप बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गौवंश की मौतों पर अफ़सोस व्यक्त करते हुए लापरवाह डंपर चालकों पर कानूनी कार्यवाही की मांग करते हुए सुल्तानपुर के स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। सूचना मिलते ही एएसपी अमृत मीणा, सुल्तानपुर थाना प्रभारी रंजीत सराठे मौके पर पहुंचे । वहीं कम्प्यूटर बाबा सहित हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर डंपर चालकों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।




