संदीपनी विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उमंग स्वास्थ्य केंद्र, सिविल हॉस्पिटल बेगमगंज के परामर्शदाता अमित शर्मा (एफपीएआई भोपाल) द्वारा संदीपनी विद्यालय में किशोर- किशोरियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य बीके चौहान, हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर प्रीति आचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियां उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान परामर्शदाता अमित शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न महत्वपूर्ण आयामों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि एक संतुलित, सकारात्मक एवं सशक्त मानसिक स्थिति है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास वृद्धि, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन तथा लक्ष्य निर्धारण के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया।
उन्होंने भावनात्मक संतुलन बनाए रखने, नकारात्मक विचारों से दूर रहने, मोबाइल एवं सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग तथा आवश्यकता पड़ने पर परामर्श लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि मित्रों, परिवार एवं शिक्षकों के साथ खुलकर संवाद करना मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने में अत्यंत सहायक होता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस दौरान मनहित ऐप के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही “जस्ट आस्क” चेक बॉक्स के बारे में बताया गया, जिसके माध्यम से किशोर अपनी समस्याओं को बिना झिझक साझा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त टेली-मानस हेल्पलाइन (टोल फ्री नंबर 14416 एवं 1-800-891-4416) के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी मानसिक तनाव या समस्या की स्थिति में इस सेवा का उपयोग कर विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन की ओर से वीरेंद्र मालवीय ने बच्चों के उत्साह वर्धन हेतु कुछ मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने की गतिविधियों से सभी को परिचित कराया एवं अपने कार्यों और आगामी योजनाओं के बारे में सभी के सम्मुख एक संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
पोषण विषय पर जानकारी देते हुए उन्होंने संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया तथा हरी सब्जियों, फलों, दालों, दूध एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन की सलाह दी। साथ ही जंक फूड से बचने एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया गया।



