सिलवानी में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिलवानी। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में लगे वृक्षों और पौधों की साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात बैठक कक्ष में आयोजित विचार गोष्ठी में छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि भावी पीढ़ी के लिए पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सोनल नामदेव ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पृथ्वी हमारा घर है और हम अपने अस्तित्व के लिए पूरी तरह इस पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि पृथ्वी के संसाधन हमें भोजन और जीवन के लिए आवश्यक सभी वस्तुएं प्रदान करते हैं, इसलिए इसके संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पृथ्वी की प्रणालियों में होने वाले छोटे-छोटे बदलाव भी मानव समाज और सभ्यता पर गहरा प्रभाव डाल सकते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत कार्य करते रहेंगे। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पृथ्वी की सुरक्षा ही मानव जीवन की सुरक्षा का आधार है।



