मध्य प्रदेश

हाई स्कूल में साइकिल वितरण कार्यक्रम संपन्न, छात्र-छात्राओं के खिले चेहरे

सिलवानी। मध्यप्रदेश शासन की छात्र हितैषी योजना के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल साईखेड़ा में कक्षा 6 एवं कक्षा 9 के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, मंडल उपाध्यक्ष नंदकिशोर साहू, अखिलेश शर्मा, पुष्पेंद्र भार्गव, मुकेश पटेल, संस्था प्राचार्य हेमलता दास, नरेंद्र लोधी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
साइकिल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा पूर्व विधायक ठाकुर रामपाल सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button