छुंछार के बीएलओ ने 97.36 एवं बरखुआ के बीएलओ ने 95.92 फीसदी कार्य किया पूर्ण

रायसेन । निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के साथ ही रायसेन जिले में भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य चल रहा है। इस दौरान 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना पत्रक का वितरण, फॉर्म का डिजिटलाइजेशन सहित अन्य कार्य किया जा हा है। प्रभारी कलेक्टर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रतिदिन एसआईआर की मॉनीटरिंग तथा समीक्षा की जा रही है तथा बीएलओ से चर्चा भी की जा रही है। जिले के उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केन्द्र क्रमांक-150 छुछांर के बीएलओ मुकेश कुमार पटेल द्वारा एसआईआर अंतर्गत गणना पत्रक वितरण, मैपिंग तथा डिजिटाइजेशन का 97.36 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मतदान केन्द्र क्रमांक-150 छुछार में कुल 531 मतदाता हैं जिनमें से 517 मतदाताओं से गणना पत्रक भरवाकर डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो गया है। इसी प्रकार सिलवानी विधानसभा अंतर्गत मतदान केन्द्र क्रमांक-30 बरखुआ के बीएलओ बाबूलाल लोधी द्वारा एसआईआर अंतर्गत गणना पत्रक वितरण, मैपिंग तथा डिजिटाइजेशन का 95.92 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मतदान केन्द्र क्रमांक-30 बरखुआ में कुल 417 मतदाता हैं जिनमें से 400 मतदाताओं से गणना पत्रक भरवाकर डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा इन बीएलओ की सराहना करते हुए अन्य बीएलओ को भी इनसे प्रेरणा से लेकर एसआईआर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।



