मध्य प्रदेश

दमोह जिले के बैंकों में दलालों का बोलबाला, बिना कमीशन नहीं होते काम, शिकायतें बढ़ीं

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले के विभिन्न बैंकों में दलालों के सक्रिय होने और बिना कमीशन के काम नहीं होने के आरोप सामने आए हैं। शिकायतों के अनुसार कई बैंक शाखाओं में एजेंटों और दलालों के माध्यम से ही ग्राहकों के काम किए जा रहे हैं, जिसके बदले उनसे मोटी रकम वसूली जा रही है।
बताया जा रहा है कि कई बैंक शाखाओं के ब्रांच मैनेजरों द्वारा दो से चार एजेंट बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से ही ऋण और अन्य बैंकिंग कार्य कराए जाते हैं। आरोप है कि ग्राहक यदि इन एजेंटों से संपर्क नहीं करता तो उसका काम लंबित कर दिया जाता है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार हटा, पटेरा और दमोह की कुछ बैंक शाखाओं में ऐसी स्थिति देखी जा रही है। वहीं यूनियन बैंक हटा, नोहटा शाखाओं में भी अनधिकृत लोगों के बैंक परिसर में बैठकर दलाली करने की बात कही जा रही है। आरोप है कि हटा स्थित यूनियन बैंक में कुछ लोग रोजाना बैंक के अंदर बैठकर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर लगभग 10 प्रतिशत तक राशि लेते हैं।
इस संबंध में यह भी कहा जा रहा है कि यदि बैंक परिसर की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए तो दलाली करने वाले लोगों की मौजूदगी स्पष्ट हो सकती है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
योजनाओं में गड़बड़ी के आरोप कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं PMFME और PMEGP के तहत भी अनियमितताएं हो रही हैं। फरियादी वर्षा ने बताया कि उनका पीएमएफएमई योजना के तहत ऋण 28 मार्च 2025 को स्वीकृत हुआ था, लेकिन कथित रूप से पैसे की मांग पूरी न होने पर बैंक द्वारा आवेदन निरस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि बैंक ने बाद में गांव की दूरी का कारण बताकर ऋण देने से इनकार कर दिया।
शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि कुछ मामलों में बिना वास्तविक यूनिट के ही ऋण स्वीकृत कर दिए गए और हितग्राहियों को थोड़ी राशि देकर बाकी रकम का दुरुपयोग किया गया।
जांच की मांग
मामले को लेकर लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जिले के बैंकों में दलाली और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ मिल सके।

Related Articles

Back to top button