मध्य प्रदेश

ऊंट का आतंक: सिलवानी क्षेत्र में दहशत, राहगीरों और वाहन चालकों पर कर रहा हमला

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

सिलवानी। नगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक आवारा ऊंट का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। यह ऊंट खुलेआम गलियों और सड़कों पर घूमता रहता है तथा राहगीरों पर हमला कर रहा है। इसके चलते स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों में भय और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। पूर्व में बेगवा कला स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने घटी घटना ने इस डर को और बढ़ा दिया। श्री गणेश विसर्जन चल समारोह के दौरान ढोल लेकर जा रहे एक युवक पर ऊंट ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऊंट ने युवक पर झपट्टा मारा जिससे वह घबरा गया और नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद अन्य राहगीरों ने साहस दिखाते हुए युवक को ऊंट की चपेट में आने से बचा लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे नगरभर में चर्चा का विषय बन गया।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह ऊंट कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और कई बार राहगीरों, बच्चों और दुकानदारों, वाहनों पर चलने वाले पर भी हमला कर चुका है। लोगों का कहना है कि सड़क पर अचानक ऊंट के आ जाने से कई बार वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ चुकी है। इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यह स्थिति किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस ऊंट को पकड़कर सुरक्षित स्थान या पशु आश्रय केंद्र में पहुंचाया जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।स्थानीय लोगों ने यह भी अपील की है कि प्रशासन नागरिकों की शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान दे और इस प्रकार के खतरनाक जानवरों से लोगों को राहत दिलाने के लिए ठोस कार्यवाही करे, ताकि नगर क्षेत्र भयमुक्त और सुरक्षित बन सके।

Related Articles

Back to top button