मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: उद्यमियों से संवाद, युवाओं को स्वरोजगार के लिए कलेक्टर ने किया प्रेरित

योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश, पात्र हितग्राहियों को वितरित किए ऋण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत सभाकक्ष में उद्यमियों, युवाओं और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी मंच तैयार हुआ। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित संवाद कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव, चुनौतियां और सुझाव साझा किए। अधिकारियों ने युवाओं को शासन की स्वरोजगार एवं उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं से जुड़कर अपने हुनर को रोजगार और व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को ऋण भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जबलपुर एमपीआईडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनिल राठौर, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने उद्यमियों से संवाद कर उनके अनुभव और समस्याओं की जानकारी ली। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह, स्थानीय उद्यमी, समाजसेवी और आईटीआई विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*उद्यमियों की बात सुनी, संभावनाओं पर हुआ मंथन*
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्थानीय उद्यमियों से उनके व्यवसाय, सामने आने वाली चुनौतियों और विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य भी रखना चाहिए। अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र युवाओं एवं हितग्राहियों को इनका लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
*स्व-सहायता समूह से मिली आर्थिक मजबूती और नई पहचान*
ग्राम मुड़वारी की महिला उद्यमी सरोज कुर्मी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक गतिविधियों के साथ आत्मविश्वास और नई पहचान मिली। मुद्रा योजना के माध्यम से उन्हें एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिससे वे अपना व्यवसाय संचालित कर रही हैं। व्यवसाय में उनकी बेटियां भी सहयोग कर रही हैं।
*आईटीआई विद्यार्थियों से बोले कलेक्टर—अपने कौशल को रोजगार में बदलें*
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने आईटीआई विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उनके करियर एवं स्वरोजगार संबंधी विचार जाने। कुछ विद्यार्थियों ने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा व्यक्त की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हमेशा बड़ा लक्ष्य रखें और अपने कौशल का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करें।



