मध्य प्रदेश

स्वरोजगार मेले में अधिक से अधिक हितग्राहियों को करें लाभान्वित- कलेक्टर अरविंद दुबे

कलेक्टर ने की स्वरोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा, कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराने के दिए जिम्मेदार अफसरों को आदेश
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन।
मप्र शासन के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस 12 जनवरी बुधवार को रोजगार दिवस पर प्रदेश के साथ ही जिले में स्वरोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर अरविन्द दुबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अधिकारियों तथा बैंकर्स को रायसेन चिडियाटोल वन परिसर में 12 जनवरी को आयोजित स्वरोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर दुबे ने बैंकवार मुद्रा योजना, पीएमईजीपी, एनआरएलएम, एनयूएलएम, पीएम स्वनिधि तथा पथ विक्रेता योजना के तहत स्वरोजगार ऋण प्रकरणों की स्वीकृति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जो हितग्राही पात्र है, उनका ऋण प्रकरण जल्द स्वीकृत किया जाए। यदि किसी प्रकरण में कोई कमी है तो तत्काल संबंधित विभाग और हितग्राही से सम्पर्क कर कार्यवाही पूर्ण की जाए।
बैठक में उन्होंने स्वरोजगार मेला आयोजन में कोरोना प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार स्वरोजगार मेले में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर अधिकतम 100 हितग्राहियों को ही आमंत्रित किया जाएगा। शेष हितग्राहियों को विभाग और बैंकों द्वारा ब्रॉच के माध्यम से स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएं। भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले मेले का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। बैठक में जानकारी दी गई कि स्वरोजगार मेले में मुद्रा योजना, पीएमईजीपी, एनआरएलएम, एनयूएलएम, पीएम स्वनिधि तथा पथ विक्रेता योजना के तहत बैंकों द्वारा 1886 से अधिक हितग्राहियों को 1779 लाख रूपये के ऋण मंजूर किए जाएंगे। बैठक में अपर कलेक्टर अनिल डामोर, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button