मध्य प्रदेश

सीएम राइज स्कूल सिलवानी में संविधान दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया

सिलवानी । मंगलवार को सीएम राइज स्कूल सिलवानी में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रमुख अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी पी.सी. शाक्य एवं तहसीलदार भरत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद और संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण का कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण और इसके मूलभूत सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी गई।
अनुविभागीय अधिकारी पी.सी. शाक्य ने विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका पढ़ने का महत्व बताया और उपस्थित सभी लोगों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया। यह गतिविधि बच्चों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके भीतर नागरिक कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी उत्पन्न करने के उद्देश्य से की गई।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संविधान को भारत की आत्मा बताते हुए इसे देश के हर नागरिक के लिए पथ-प्रदर्शक बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, और अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी ने संविधान दिवस के इस आयोजन की सराहना की और इसे बेहद प्रेरणादायक बताया।
संविधान दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति और संविधान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने में सफल रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एन.पी. शिल्पी द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button