मध्य प्रदेश

महर्षि महेश योगी जी की पुण्यतिथि पर वैदिक विश्वविद्यालय में गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय में गुरुवार सायं 5 बजे विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं प्रथम कुलाधिपति महर्षि महेश योगी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धा एवं साधना से ओतप्रोत गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कुलगुरु के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महर्षि जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक ध्यान एवं मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई । पूरे परिसर में शांति, अनुशासन एवं आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त रहा।
वरिष्ठ ध्यान शिक्षक गिरिजा शंकर चौधरी ने महर्षि जी के जीवन-दर्शन, भावातीत ध्यान आंदोलन तथा विश्व शांति हेतु उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें युगप्रवर्तक और वैज्ञानिक दृष्टा बताया। वहीं ज्योतिष विभागाध्यक्ष प्रो. मानवेन्द्र पांडेय ने कहा कि महर्षि जी ने ध्यान को जीवनशैली बनाकर मानवता को आंतरिक शांति का मार्ग दिखाया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी ने महर्षि जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने एवं वैदिक ज्ञान के प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त विभागों के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में उमाकांत त्रिपाठी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button