शादी समारोह में विवाद, कार से भीड़ को कुचलने का प्रयास, दो दिन बाद केस दर्ज

वायरल वीडियो से खुला मामला: दोराहा क्षेत्र के मन्यासा गांव से बुगली गांव गई थी बरात, शराब पीने को लेकर हुआ झगड़ा
सीहोर । एमपी के सीहोर जिले के दोराहा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। मुंहवाद से बात पथराव तक पहुंच गई। इस दौरान बारात में आए दो युवकों ने वधू पक्ष के कुछ व्यक्तियों को कार से कुचलने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो कार चालक भीड़ को कुचलने का प्रयास करते दिख रहे है। भीड़ उन पर पथराव कर रही है। गुरुवार को मामले के तूल पकड़ते ही दोराहा पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान देते हुए मामला दर्ज कर लिया है। वर-वधू पक्ष की तरफ से अभी किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले की जांच के बाद आरोपियों का खुलासा करने की बात कह रही है, अभी पुलिस ने वारदात को लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को दौलतपुरा ग्राम पंचायत के मन्यासा गांव में शब्बीर बेलदार के बेटे की शादी थी। शब्बीर बेटे का विवाह बुगली निवासी इसराइल बेलदार की बेटी से होना था। मंगलवार को बारात मन्यासा गांव से बुगली पहुंची, यहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। पहले मुंहवाद और फिर मारपीट शुरु हो गई। वर और वधू पक्ष के बीच पथराव शुरु हो गया। तभी बरात में आए दो युवकों ने खुले मैदान में कार से मौके पर उपस्थित भीड़ को कुचलने का प्रयास किया। भीड़ को कुचलने के लिए युवक कार दौड़ाने लगे, इस दौरान लोग ने ने भी बचाव के लिए कारों पर पथराव शुरु कर दिया। फिल्मी अंदाज में खुले मैदान में यह खेल काफी देर तक चला। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुरुवार को दोराहा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर स्वयं संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शांति भंग करने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात दो कार चालकों को आरोपी बनाया है। पुलिस कार नंबर के आधार पर चालकों की पहचान कर रही है। पुलिस का तर्क हैं कि जैसे-जैसे मामले की जांच आगे बढ़ेगी, आरोपियों के नाम सामने आ जाएंगे।
शराब पीने की बात पर भड़का वधू पक्ष
शादी समारोह के दौरान वर-वधू पक्ष के बीच हुए विवाद का कारण शराब बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वर पक्ष के लोग खुलेआम शराब पी रहे थे, जिन्हें वधू पक्ष ने रोका, इस बात पर बारात में आए कुछ युवक भड़क गए और बहस करने लगे। बात धीरे-धीरे मारपीट पर पहुंच गई और फिर मामला बिगड़ गया।
8 घायल, समझौता होने पर रूकी एफआइआर
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि खाली मैदान में दो कार कुछ लोगों को कुचलने के लिए पीछे दौड़ रही हैं। कारों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भाग रहे हैं। कुछ लोग कारों पर पथराव कर रहे हैं तो कुछ तोड़फोड़ के लिए पीछे दौड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह खेल करीब 10 से 15 मिनट तक चला। इस दौरान आठ लोग घायल भी हुए। पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन वर-वधू पक्ष में समझौता होने को लेकर एफआइआर नहीं हुई, जिसके चलते पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।
इस संबंध में राजेश सिन्हा, थाना प्रभारी दोराहा ने बताया कि शादी समारोह में विवाद होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन दोनो में समझौता होने को लेकर एफआइआर नहीं हुई। अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से कार से कुचलने के प्रयास की बात सामने आई है, जिसे लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।



