मध्य प्रदेश

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्‍न

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । प्रदेश के परिवहन एवं स्‍कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्‍वयन एवं उनके बेहतर परिणाम के लिये अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ सतत संवाद करें । प्रभारी मंत्री ने यह बात शनिवार को जिला विकास एवं सलाहकार समिति की आयोजित पहली बैठक में कही।
बैठक में खजुराहो सांसद डॉ. व्ही डी शर्मा, विधायक विजयराघवगढ़ संजय सत्येंद्र पाठक, विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, विधायक बहोरीबंद प्रणय प्रभात पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, शहडोल सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा और जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी योगेन्द्र सिंह ठाकुर मौजूद रहें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मध्‍यप्रदेश पहला राज्य है, जहां समाज के सभी क्षेत्रों जैसे उद्योगपति, वकील, डॉक्‍टर, समाजसेवियों की सहभागिता और सेवाभाव से जिले की विकास की गति को तेज रफ्तार मिलेगी। इस बैठक के माध्‍यम से समाज के हर क्षेत्र की समस्‍याओं के निराकरण करते हुये विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने के प्रयास किये जायेंगे।
प्रभारी मंत्री ने सदस्‍यों से कहा कि आगामी बैठक में क्षेत्र की समस्‍याओं की जानकारी लेकर आयें ताकि क्षेत्र की समस्‍याओं का निराकरण किया जा सके।
समीक्षा के दौरान निगमायुक्‍त तपस्‍या परिहार द्वारा नगर पालिक निगम की भारत सरकार की अमृत 1.0 तथा अमृत 2.0 वाटर बाडी रिज्‍युविनेशन मसुरहा घाट एवं मोहन घाट में कराये जा रहे विकास कार्यों के साथ ही वाटर सप्‍लाई प्रोजेक्‍ट, सीवरेज एण्‍ड सेप्‍टेज मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में विस्‍तार से जानकारी दी।
बैठक में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल और समिति सदस्‍य शशांक श्रीवास्‍तव ने शहरी क्षेत्र की खदानों के सौदर्यीकरण एवं गर्मियों के मौसम में खदानों में उपलब्‍ध जल का उपयोग वाटर ट्रीटमेंट प्‍लांट लगाकर नगर की जलापूर्ति एवं पेयजल व्‍यवस्‍था सुनिश्चित करने की बात कही ।  इसके साथ ही गहरी और बड़ी खदानों में टूरिज्‍म को बढ़ावा देते हुये नौका विहार एवं अन्‍य गतिविधियां करने का सुझाव दिया गया ।
*करें जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक*
स्वास्‍थ्‍य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री और सांसद डॉ. व्ही डी शर्मा ने कहा कि जिला चिकित्‍सालय के प्रबंधन को स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं के विकास एवं स्‍तार और भविष्‍य की योजनाओं की दृष्टि से जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल करना सुनिश्चित करें ।  मरीजों एवं आम नागरिकों के सुगम आवागमन हेतु पार्किंग एवं सफाई व्‍यवस्‍था सुदृढ़ करने कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए । प्रभारी मंत्री ने बताया कि जल्‍द ही जिले के लिये स्‍वीकृत मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन होगा।  इसी प्रकार राष्‍ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियो को कार्यों के प्रस्‍ताव बनाने में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिये।
*सर्वाधिक आभा एवं अपार आईडी बनें*
बैठक में बताया गया कि पूरे प्रदेश में सर्वाधिक आभा आईडी और अपार आईडी कटनी जिले में बनाये गये हैं। इसी प्रकार मुख्‍यमंत्री लाड़ली लक्ष्‍मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं राष्‍ट्रीय पोषण माह योजना की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जल निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई 2026 तक पवई-2 परियोजना के तहत कटनी और रीठी के 159 गांवों में जलापूर्ति शुरू कर दी जायेगी।
*जिले में 46 नवीन खदानें स्‍वीकृत*
बैठक में बताया गया कटनी जिले में हाल ही में संपन्‍न हुई माइनिंग कॉन्‍क्‍लेव के बाद 46 खदाने स्‍वीकृत हुई है। साथ ही इमलिया गोल्‍ड माइन के उत्‍खनन हेतु अनुबंध भी पूरा कर लिया गया है ।  कलेक्‍टर ने बताया कि कटनी जिला खनिज संपदा बाहुल्‍य क्षेत्र है । जिस पर प्रभारी मंत्री ने डोलोमाइट की ट्रांसपोर्टिंग को रोकने तथा जिले में ही उसकी खपत बढ़ाकर लोगों को रोजगार उपलब्‍ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिये।
उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र टिकरिया तखला में 32 प्‍लाटों का आवंटन किया जा चुका है । इसके माध्‍यम से करीब 15 करोड़ रूपये का निवेश अनुमानित है।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्‍टर ने बताया कि जिले में पाइलेट प्रोजेक्‍ट की तरह सरसों की खेती को प्रोत्‍साहित किया जाएगा। इसी प्रकार नरवाई प्रबंधन के लिये भी जिले में किये गये अच्‍छे कार्यों की जानकारी दी गई।
बैठक में लो‍क निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, बिजली विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्‍न योजनाओं की समीक्षा की गई ।  इसके अलावा आदिम जाति कल्‍याण, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास, पर्यटन, राजस्‍व के भी कार्यों की भी समीक्षा हुई।

Related Articles

Back to top button