पुष्पा विद्यालय में नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन, विद्यार्थियों को किया जागरूक
सिलवानी। नगर के सागर रोड स्थित पुष्पा विद्यालय में शुक्रवार को नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस थाना सिलवानी के सौजन्य से संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यालयी छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सजग करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पा विद्यालय की प्राचार्य एवं सिलवानी थाना प्रभारी पूनम सविता द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के फादर ने किया और उन्होंने इस पहल के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान छात्रों को नशा मुक्ति से जुड़ी डिजिटल फिल्में दिखाई गईं, जिनमें नशे के गंभीर दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों को प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने इन दृश्यों से प्रेरणा लेकर नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा ली और समाज में नशा उन्मूलन के लिए प्रयास करने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता के रूप में पूनम सविता ने कहा नशा सिर्फ व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को इसके खिलाफ आगे आना होगा।” उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नशा उन्मूलन की मुहिम में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
विद्यालय परिवार एवं छात्रों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की। कार्यशाला ने सभी को एक सकारात्मक संदेश दिया कि जागरूकता से ही नशा जैसे सामाजिक अभिशाप को समाप्त किया जा सकता है।



