मध्य प्रदेश

बीच सड़क पर मनमानी तरीके से लगाए जा रहे बिजली के पोल बने जानलेवा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

सिलवानी। नगर में इन दिनों बिजली विभाग की भारी लापरवाही देखने को मिल रही है। पावर हाउस से अशोकविहार कॉलोनी तक तीसरे फीडर के लिए लाइन डाली जा रही है, जिसके तहत जगह-जगह बीच सड़क पर ही बिजली के पोल गाड़ दिए गए हैं। यह लापरवाही अब आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है, क्योंकि ये पोल दुर्घटना को खुला न्योता दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क के साइड में पोल लगाए जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है और हर समय हादसे का डर बना हुआ है। खासकर रात के समय यह पोल साफ दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक सवार, कार चालक, स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग हमेशा खतरे में रहते हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि कई बार नागरिकों द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद भी बिजली विभाग अपनी मनमानी पर उतारू है। लोगों ने बार-बार जिम्मेदार अधिकारियों को इस खतरे से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद न तो काम रोका गया और न ही पोल हटाए गए।
क्षेत्रवासियों का स्पष्ट कहना है कि यदि समय रहते इन पोलों को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बिजली विभाग और प्रशासन की होगी। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले पर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं? क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है? प्रशासन की यह चुप्पी लोगों के गुस्से को और बढ़ा रही है।

इस संबंध में हर्षल चौधरी, एसडीएम का कहना है कि संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा, उचित स्थान पर पोल लगाए जाये। नागरिकों को परेशानी न हो।

Related Articles

Back to top button