क्राइम

पिता ने बेटी के सीने पर गोली मारकर हत्या की, रिश्ते के चाचा के साथ भागकर की थी शादी

भिंड । पिता ने अपनी 21 साल की शादीशुदा बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। उसे रात में सरसों के खेत में ले जाकर कट्टे से सीने में फायर किया। युवती की एक महीने पहले ग्वालियर में शादी हुई थी। इसके कुछ दिन बाद वह शॉपिंग का बहाना बनाकर प्रेमी के साथ भाग गई। इसी से नाराज होकर पिता ने बेटी को मौत के घाट उतार दिया, घटना मेहगांव थाना क्षेत्र के खिरिया थापक गांव की मंगलवार शाम की है। मुन्नेश धानुक ने बेटी निधि धानुक को गोली मार दी थी। युवती की मां ने पुलिस को इसकी सूचना दी। बुधवार सुबह पुलिस ने एक खेत से शव बरामद किया। पुलिस ने आरोपी पिता मुन्नेश धानुक को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कहा-बदनामी हो रही थी, इसलिए मार दिया।
*11 दिसंबर को हुई थी शादी*
खिरिया थापक गांव की रहने वाली निधि धानुक उम्र 21 साल की शादी 11 दिसंबर को ग्वालियर के गुड़ागुडी का नाका निवासी देवू धानुक से हुई थी। 28 दिसंबर को वह पति के साथ ग्वालियर के महाराज बाड़ा गई थी। यहां 5 हजार रुपए की शॉपिंग करने के बाद उसने पति से पानी मांगा। पति पानी लेने गया, तभी वह गायब हो गई। इसके बाद ससुराल और मायके पक्ष ने उसकी काफी तलाश की।
*पिता से मिलने गई थी निधि*
मंगलवार शाम को निधि अपने पिता मुन्नेश धानुक से मिलने आई थी। पिता उसे बहला फुसलाकर गांव ले आया। रात में वह बेटी को गांव के बाहर सरसों के खेत में ले गया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस बात की जानकारी निधि धानुक की मां पूजा ने पुलिस को दी, जिसके बाद बुधवार को पुलिस मौके पर पहुंची।
*रिश्ते में चाचा लगता है प्रेमी*
जानकारी के अनुसार निधि का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जो रिश्ते में उसका चाचा लगता था। बताया जाता है कि गायब होने के बाद लड़की खुद ग्वालियर कोतवाली पुलिस के सामने पेश हुई थी और खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी। ग्रामीणों का कहना है कि लोक-लाज के डर से पिता ने बेटी की हत्या कर दी है।

Related Articles

Back to top button