सुल्तानपुर में वन समिति की बैठक का आयोजन
सिलवानी। वन परिक्षेत्र पश्चिम सिलवानी अंतर्गत ग्राम सुल्तानपुर में ग्राम वन समिति की बैठक का आयोजन सोशल डिस्टेन्स तथा कोरोना नियमों का पालन करते हुए किया गया। बैठक में वन परिक्षेत्र अधिकारी रविन्द्र पाटीदार, वैभव समैया तथा वन समिति अध्यक्ष रघुवीर आदिवासी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। रविन्द्र पाटीदार द्वारा ग्राम वासियों को वन क्षेत्र में किये गए अतिक्रमण के प्रयासों के संबंध में अवगत कराया गया एवं वन अधिकार पट्टे धारियों को समझाइश दी गई की वह आगे से वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास न करें तथा जिन व्यक्तियों ने अतिरिक्त वन भूमि पर बागड़ लगा रखी है वे उक्त वन भूमि को वापस खाली करें अन्यथा उन पर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धाराओं अंतर्गत कार्यवाही की जावेगी। वन समिति द्वारा ये प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि आगे से कोई भी व्यक्ति अतिक्रमण का प्रयास करेगा तो उस पर नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी तथा चराई प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध चराई पर रोक का प्रस्ताव भी पारित हुआ। समिति द्वारा यह निर्णय लिया गया की अग्नि एवं जंगल की सुरक्षा में ग्राम वन समिति द्वारा सहयोग किया जायेगा। बैठक में वैभव जैन द्वारा ग्राम वासियों की तरफ से यह आश्वासन दिया गया की ग्रामवासी उनके द्वारा जंगल से लगे खेतों में बड़ाई गई बागड़ को स्वयं हटाएंगे एवं आगे से कोई भी अतिक्रमण का प्रयास नहीं करेगा। समिति सदस्यों एवं अन्य ग्रामीणों को लघु वनोपज संग्रहण एवं उससे होने वाले लाभ की जानकारी दी गई। श्री पाटीदार ने ग्राम वासियों की समस्याओ पर चर्चा की गई एवं उनके यथा संभव निराकरण का आश्वासन दिया तथा कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन तथा संभावित खतरों एवं आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया।



