भोपाल के ऐशबाग इलाके से 6 आतंकवादी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में मिली विस्फोटक सामग्री और हथियार, किसी बड़ी घटना को देने वाले थे अंजाम
भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने शनिवार रात 3:00 बजे ऑपरेशन चला कर 6 आतंकवादियों को पकड़ा है। ये सभी आतंकवादी पुराना भोपाल स्थित ऐशबाग इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। खुफिया एजेंसी पूछताछ के लिए आतंकियों को अज्ञात स्थान पर लेकर गई है। आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद घर को सील कर दिया गया है।
लोक पुलिस को नहीं थी सूचना
बताया जा रहा है आतंकी जहां से पकड़ाए है, वहां से ऐशबाग थाने की दूरी महज 200 थी। आतंकी यहां फातिमा मस्जिद के पास बिल्डिंग में किराए का घर लेकर रह रहे थे। ऑपरेशन को खुफिया रखने के लिए ATS ने इस कारवाई की सूचना लोकल पुलिस को भी नहीं दी थी। मिली जानकारी के मुताबिक करीबन 50 से 60 ATS के जवानों ने बिल्डिंग की घेराबंदी कर गोली मार कर ताला तोड़ा और मकान के अंदर दाखिल हुए। यहां से ATS ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया। खुफिया एजेंसी ने यहां से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार भी जब्त किए हैं, साथ ही कई बोरी धार्मिक साहित्य, दर्जन भर से ज्यादा लैपटाप भी जब्त किए गए हैं।
बड़ी घटना को देने वाले थे अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी जिस घर में किराए से रह रहे थे वो नायाब जहां है। ATS की कारवाई के बाद से मकान मालिक फरार चल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी मध्य प्रदेश में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। गिरफ्तार आतंकियों का आतंकवादी संगठन सिमी से कनेक्शन बताया जा रहा है। वहीं इसके अलावा एक और छापा शहर के बाहर करोंद इलाके में भी मारा गया, वहां से लोकल मॉड्यूल के आतंकियों को हिरासत में लेने की सूचना है।



