त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता- स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने देवनगर को दी एम्बुलेंस की सौगात
गैरतगंज में स्वास्थ्य मेला सम्पन्न, 2948 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार
रायसेन । लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, उनके स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार के लिए रायसेन जिले सहित सम्पूर्ण प्रदेश के प्रत्येक विकासखण्ड में स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इन निःशुल्क स्वास्थ्य मेलों में विभिन्न स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेले में पैथालॉजी जॉच हेतु मशीनें, एक्सरे सहित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही निःशुल्क दवाएं वितरित की जा रही हैं। यह बात स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने गैरतगंज में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य मेले में कही। उन्होंने देवनगर को एम्बुलेंस की सौगात भी दी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सम्पूर्ण देश में और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के सभी विकासखण्डों पर स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालयों पर भी दो दिवसीय स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि कोरोना के केस एक बार फिर बढ़ रहे हैं। अभी कोरोना नियंत्रण की स्थिति में है। इसकी रोकथाम के लिए सभी का वैक्सीनेशन जरूरी है। सरकार द्वारा सभी को निःशुल्क वैक्सीन लगाई गई है। अब बच्चों को भी निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि कोरोना की रोकथाम के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।
सुखी रहने के लिए स्वस्थ्य रहना जरूरी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि पहला सुख निरोगी काया। व्यक्ति को अगर सुखी रहना है, खुश रहना है तो स्वस्थ्य रहना जरूरी है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कार्य किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि गरीबों को इलाज के लिए परेशान ना होना पड़े। इसके लिए गॉव-गॉव में भी स्वास्थ्य केन्द्र खोलने के साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं, सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय या बड़े शहरों में जाना ना पड़े, उन्हें पास में ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो जाए इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि रायसेन जिले के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, उन्हें जिले में ही इलाज उपलब्ध हो इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत है। गॉवों में भी बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य केन्द्रों पर टेलीमेडिसन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही विभिन्न रोगों क दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि लोगों को इलाज के लिए बाहर ना जाना पड़े। तहसीलों में वेंटीलेटर उपलब्ध कराए गए हैं। जिले में लगातार नए स्वास्थ्य केन्द्र खोले जा रहे हैं। गैरतगंज सहित सिलवानी, बेगमगंज, बरेली अन्य तहसीलों में सिविल अस्पताल बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के साथ-सा अन्य क्षेत्रों में भी काम किया जा रहा है। सीएम राईस स्कूल खोले जा रहे हैं, सड़कें बनाई जा रही हैं, नगरों सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिले, इसके लिए भी काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने विभिन्न हेल्थ
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा स्वास्थ्य मेला स्थल पर लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य अमले से अब तक हुए पंजीयन, उपचार के संबंध में जानकारी ली गई। इस स्वास्थ्य मेले में 2948 लोगों द्वारा पंजीयन कराया गया। चिकित्सकों द्वारा इन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए आवश्यकतानुसार उपचार किया गया तथा स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य मेले में 95 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 195 लोगों के हेल्थ कार्ड बनाए गए। तथा 14 लोगों द्वारा रक्तदान किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने ब्लड डोनेट करने वालों को किया सम्मानित
स्वास्थ्य मेला स्थल पर ब्लड डोनेट वैन भी उपस्थित रही। मेले में शामिल होने आए अनेक लोगों द्वारा ब्लड डोनेट किया गया। गैरतगंज एसडीएम रवीश श्रीवास्तव द्वारा भी ब्लड डोनेट किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा ब्लड डोनेट करने वालों को म से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री ने स्वास्थ्य मेले के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग एवं निदान के संबंध में बुनियादी जाँच, दवाइयों की उपलब्धता, विषय-विशेषज्ञों के साथ टेली-कन्सलटेशन से उचित उपचार की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य मेले में शिशु रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञों के साथ ही चिकित्सकों द्वारा डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, लम्बी खाँसी सहित अन्य बीमारियों की जॉच एवं निःशुल्क उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेले में भोपाल के चिरायु अस्पताल के चिकित्सकों की टीम द्वारा भी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस अवसर पर गैरतगंज एसडीएम श्री रवीश श्रीवास्तव, सीएमओ रितु मेहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।



