औपचारिक रहा सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । स्वामी विवेकानंद जयंती पर सरकार द्वारा युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम संपन हुआ ।
आकाशवाणी से प्रसारित कार्यक्रम के अनुसार भाग लेने वाले सभी ने अनुलोम -विलोम , भ्रामरी एवं भ्रस्त्रिका प्राणायम के साथ आधे घण्टे तक योग क्रियाओं को किया ।
सामूहिक सूर्यनमस्कार कार्यक्रम सीएम राइज स्कूल ग्राउंड पर संपन्न हुआ। जिसमें तहसीलदार एसआर देशमुख, मुख्य नगरपालिका अधिकारी कृष्णकांत शर्मा , ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव , ब्लॉक समन्वयक सुभाष रैकवार ,प्राचार्य बृजेश सिंह चौहान, स्कूल स्टॉप, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से जुड़े खिलाड़ियों एवं मिडिल सेक्सन के करीब डेढ़ सौ स्टूडेंट्स ने भाग लिया जबकि सरकार की गाइड लाइन होने के बावजूद जनप्रतिनिधियों एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन एवं स्वामी विवेकानंद की वाणी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण भी सभी ने सुना । जिसमें स्वामी विवेकानंद के आदर्श आत्मसात करने के साथ आज से युवाओं के उत्थान और विकास के लिए स्वामी विवेकानंद युवाशक्ति कल्याण मिशन की शुरुआत करने की घोषणा की गई।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में प्रायः सभी विभागीय अधिकारियों , कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों सहित हायर सेकंडरी स्कूलों के स्टूडेंट्स की भारी मौजूदगी रहती थी लेकिन इस बार मात्र 4 अधिकारी एवं सीएम राइज स्कूल के मिडिल सेक्सन के छात्रों की नगण्य उपस्थिति रही । ऐसा प्रतीत हो रहा कि आज कार्यक्रम में औपचारिकता की गई हो।



