भीषण सड़क हादसा, यात्री बस और रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर, दर्जनों घायल
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। वाराणसी से इंदौर जा रही एक यात्री बस की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा सुबह करीब 5 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर चौकी की जोड़ के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। वहीं अन्य दर्जनों घायलों को तत्काल उदयपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही उदयपुरा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और सुबह के धुंधलके को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-45 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया।



