मध्य प्रदेश

स्वस्थ हुई तो मादा तेंदुए को जंगल में छोड़ा : जुझारपुर गैरतगंज से इलाज के लिए वन विहार आई मादा तेंदुआ अब सतपुड़ा में बढ़ाएगी कुनबा

रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन
रायसेन, सिलवानी।
वन विहार भोपाल में 2 महीने के इलाज के बाद मादा तेंदुआ को सतपुड़ा नेशनल पार्क में छोड़ा गया। जैसे ही पिंजरा खुला, वैसे ही उसने जंगल की ओर दौड़ लगा दी। वन विभाग के अधिकारियों के देखते ही देखते वह जंगल में गायब हो गई। मादा तेंदुए को सुबह 8 बजे वन विहार भोपाल से सतपुड़ा नेशनल पार्क ले जाया गया। वहां सुरक्षित स्थान ढूंढ कर पिंजरे से निकाला गया।
नवन महकमे के अधिकारियों का कहना है कि अब यह मादा तेंदुआ सतपुड़ा नेशनल पार्क में कुनबा बढ़ाएगी। इसकी उम्र अभी 3 साल है और यह पूर्ण वयस्क हो चुकी है। इस मादा तेंदुए को जुझारपुर गैरतगंज से 9 सितंबर 2021 को रेस्क्यू किया था। वन विभाग की चैनलिंक फैंसिग में तेंदुए का गला फंसने घाव हो गया था। दो महीने वन विहार भोपाल में इलाज चला। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वाइल्ड लाइफ मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद इसे जंगल में छोड़ा गया।
पिंजरा खुलते ही आजादी की दौड़…
वन विहार नेशनल पार्क के डायरेक्टर एचसी गुप्ता ने बताया कि भोपाल से एक रेस्क्यू टीम मादा तेंदुए को पिंजरे में कैप्चर करके सतपुड़ा नेशनल पार्क ले गई थी। उसके बाद वहां की टीम के सहयोग से इसे जंगल में छोड़ा। अब वन विहार के वन्यप्राणी अस्पताल में एक तेंदुआ शावक को छोड़कर कोई भी नहीं है।

Related Articles

Back to top button