उचेरा जमुनिया में सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

सिलवानी। ग्राम उचेरा जमुनिया में सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा के शुभारंभ अवसर पर सोमवार को मंदिर परिसर से बैंड-बाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कन्याएं एवं महिलाएं शामिल हुईं, जिन्होंने सिर पर कलश धारण कर यात्रा प्रारंभ की। यात्रा के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन पर झूमते हुए अपनी श्रद्धा और आस्था व्यक्त करते नजर आए। कलश यात्रा ग्राम के मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल श्रीकृष्ण गोशाला पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 29 दिसंबर से 4 जनवरी तक किया जा रहा है। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक पं. हितेश कृष्ण शास्त्री द्वारा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



