मध्य प्रदेश

सीएफआई मॉडल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया इंटरनेशनल ग्रैंडपेरेंट्स डे

विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य व भाषण से बांधा समां, वरिष्ठजनों ने दिए संस्कार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। सीएफआई मॉडल स्कूल में इंटरनेशनल ग्रैंडपेरेंट्स डे हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को दादा-दादी एवं नाना-नानी सहित परिवार के बुजुर्गों के प्रति सम्मान, प्रेम एवं कृतज्ञता की भावना से जोड़ना तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों के महत्व से परिचित कराना रहा ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख एवं प्रधानाचार्य अंजली जैकब तथा विशिष्ट वरिष्ठजनों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया । इसके बाद उपस्थित बुजुर्गों का तिलक लगाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया । विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, मनमोहक नृत्य एवं भाषण की सुंदर प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने जीवन में बुजुर्गों के महत्व तथा उनके अनुभवों और संस्कारों की उपयोगिता को अभिव्यक्त किया ।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, आदर-सम्मान और भारतीय संस्कृति के महत्व पर मार्गदर्शन दिया । उन्होंने कहा कि परिवार के बुजुर्ग अनुभव और संस्कारों के महत्वपूर्ण स्रोत होते हैं । विद्यार्थियों को उनके अनुभवों से सीख लेते हुए सदैव उनका सम्मान करना चाहिए ।
इस अवसर पर जबलपुर संभाग के प्रमुख एवं भूतपूर्व जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रामानुज तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया । उन्होंने जीवन में आदर्श, संस्कार एवं बड़ों के सम्मान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार, व्यवहार और नैतिक मूल्यों का विकास भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है ।
कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सीईओ उदय राज सिंह के करकमलों से जिला स्तरीय मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज- 2026 एवं विकसित भारत अभियान में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए । प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया ।
कार्यक्रम में अतिथियों, वरिष्ठजनों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की । विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मान, संस्कार, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का सुंदर वातावरण देखने को मिला ।
कार्यक्रम संस्था प्रमुख एवं प्रधानाचार्य अंजली जैकब तथा विद्यालय प्रबंधक सनी राज के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया । सीएफआई मॉडल स्कूल द्वारा आयोजित यह इंटरनेशनल ग्रैंडपेरेंट्स डे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा ।

Related Articles

Back to top button