शुक्रवार की रात से हुई बारिश, आसमान से वर्षा अमृत, एक इंच दर्ज
मावठे की बारिश से कम होगी किसानों की चिंता
सिलवानी । बीते कुछ दिनों से आसमान में छाए बादलों ने शुक्रवार की देर रात्रि से शनिवार की सुबह तक नगर सहित आसपास के क्षेत्र में अमृत वर्षा कर दी। लगभग पांच घंटे तक हवा और बिजली की चमक के साथ नगर तथा आसपास के क्षेत्र में जोरदार बारिश होने से मौसम पूरी तरह परिवर्तित हो गया, क्षेत्रभर में हुई इस बारिश को फसलों के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है।
खाद एवं यूरिया की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए शुक्रवार की रात्रि लगभग 3 बजे से प्रारंभ हुई बारिश शनिवार की सुबह तक अमृतवर्षा ने कुछ हद तक राहत का काम किया है, बीते कुछ दिनों से मौसम ने अपना मिज़ाज बदला हुआ था और आसमान में बादल अपना डेरा जमाए हुए थे लेकिन शुक्रवार की रात्रि में बारिश का इंतजार खत्म हो गया। रात्रि 3 बजे से शुरू हुई बारिश का सिलसिला तकरीबन चार से पांच घंटे तक चलता रहा, रुक रुक कर हुई बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया, जानकारों की माने तो इस समय हुई बारिश फसलों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। ऐसे में खाद एवं यूरिया की किल्लत झेल रहे किसानों के लिए इस समय हुई बारिश अमृतवर्षा का रूप है जिससे किसानों को कुछ हद तक तो राहत जरूर मिल जाएगी।
किसानों को लाखों रुपए के डीजल पेट्रोल और बिजली बिल की बचत हो गई, वही धान खरीदी केन्द्रों, कृषि उपज मंडी प्रांगण में खुले में पड़ी उपज को भीगने से नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिनों तक और मावठे की बारिश हो सकती है, बादल साफ होने के बाद कड़ाके की ठंड का दौर भी अब शुरू होगा।
वही तहसील कार्यालय के वर्षामापी यंत्र में सुबह पौने आठ बजे तक 23.8 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई। इस तरह शुक्रवार की रात से शनिवार की सुबह तक 1 इंच वर्षा हो गई और हल्की बारिश का सिलसिला जारी है।



