जमुनियापुरा के लोग बरसात में होते है परेशान, प्रशासन बना है मौन
सिलवानी। सिलवानी नगर के वार्ड एक शास्त्रीनगर के जमुनियापुरा, बगियापुरा के रहवासी बरसात के चार माह मुष्किल से व्यतीत करते है। पूर्व में ग्राम पंचायत के कार्यकाल में बेगम नदी पर रिपटा बनाया गया था जो कि बरसात में रिपटे के उपर से पानी बहता है वही बेगम नदी जंगल से आने के कारण अचानक देखते ही देखते रोद्र रूप में आ जाती है जिससे निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग पानी में भी बह चुके है। इसके बाबजूद प्रषासन इस ओर ध्यान हीं दे रहा है।
बेगम नदी के उस ओर प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर है जो कि नगर सहित आसपास के श्रद्धालुओं की आस्था केन्द्र है और प्रतिदिन लोग आरती में सम्मिलित होते है परंतु बरसात के दिनों में लोग जान हथेली पर लेकर मजबूर हो जाते है। नागरिकों ने कई बार समस्या से स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया परंतु हालात ये है कि कोई भी अधिकारी कुछ करने को तैयार नहीं है। जमुनियापुरा, बगिया महिल्ला को सिलवानी से जोड़ने वाले रिपटे पर थोड़ी सी बारिश से ही पानी भर जाता है। जिससे लोगों को निकलने में बहुत ही परेशानी होती है। नगर के सनातन धर्म के आयोजन के चल समारोह श्रीराम मंदिर जमुनियापुरा से प्रारंभ होते है। वही मुस्लिम समाज का ईदगाह भी बगियापुरा में है। रविवार को ईद होने के कारण मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाह जाने के लिए घुटने घुटने पानी को पार कर निकले। नागरिकों ने प्रशासन से रिपटे के स्थान पर पाइप वाली पुलिया बनाने की मांग की है।




