मध्य प्रदेश

लुटनगर गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से महरूम, बारिश में कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना मजबूरी

ब्यूरो चीफ ; शब्बीर अहमद
बेगमगंज। नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत हप्सिली के अंतर्गत आने वाला लुटनगर गांव आज भी सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की राह देख रहा है। करीब 100 की आबादी वाले इस गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं होने से बारिश के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है।
हप्सिली से लुटनगर तक करीब एक किलोमीटर का रास्ता कच्चा है। बारिश होते ही यह रास्ता कीचड़ से भर जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि कई ग्रामीण अपने वाहन रास्ते में ही खड़े कर एक किलोमीटर तक पैदल चलकर गांव पहुंचते हैं। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ती है।
कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं बच्चे
गांव के छात्र-छात्राओं को भी इसी कच्चे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। बारिश में रास्ते पर कीचड़ और फिसलन होने से बच्चों को काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्ते के कारण बरसात के मौसम में गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्र से लगभग कट जाता है।
निजी केबल के सहारे घरों में पहुंच रही बिजली
ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली की भी पर्याप्त और स्थायी व्यवस्था नहीं है। कई परिवार निजी केबल के माध्यम से हप्सिली से बिजली लेकर अपने घरों में रोशनी कर रहे हैं। वहीं गर्मी के दिनों में पेयजल की समस्या भी गंभीर बनी रहती है और ग्रामीणों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है।
कई बार की शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीण कुंदनलाल, मुन्नालाल, दीपक, दिनेश, लेखराम, रामवीर और राजेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव की समस्याओं को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लुटनगर तक पक्की सड़क निर्माण, नियमित बिजली आपूर्ति और पेयजल की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी कम होने के बावजूद गांव के लोगों को भी बेहतर आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है।

Related Articles

Back to top button